जिला स्तरीय सीर उत्सव के अवसर पर आयोजित होगा रोजगार मेला: राजेश धर्माणी
लैंगिक समानता तथा स्वास्थ्य थीम आधारित आयोजित होंगी मैराथन व वॉकाथॉन प्रतियोगिताएं
उत्सव आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
घुमारवीं (बिलासपुर), नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 2 व 3 अक्तूबर को घुमारवीं का सीर उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गत वर्ष की भांति इस बार भी विभिन्न थीम आधारित विभिन्न गतिविधियां उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेंगी। राजेश धर्माणी आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर घुमारवीं में सीर उत्सव आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सीर उत्सव में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित बनाने को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जहां लैंगिक समानता तथा स्वास्थ्य थीम आधारित मैराथान तथा वाॅकाथाॅन का आयोजन कर युवाओं एवं बच्चों को सीर उत्सव से जोड़़ा जाएगा तो वहीं स्कूलों, काॅलेजों एवं आईटीआई में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों भी उत्सव के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि सीर उत्सव के दौरान रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त गत वर्ष की तरह जहां हेल्थ चेकअप के लिए स्वास्थ्य कैंप आयोजित किया जाएगा तो वहीं रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा ताकि उत्सव के माध्यम से जहां नशे के विरूद्ध जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके तो वहीं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि उत्सव में समाज के विभिन्न क्षेत्रों सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए प्रारंभिक तौर पर पंचायत स्तर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी तथा विजेताओं को सीर उत्सव के दौरान प्रति प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उत्सव के दौरान विभिन्न महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्या मेले का मुख्य आकषर्ण रहेगी। उन्होंने सीर उत्सव के दौरान एनएसएस, एनसीसी तथा स्काउट्स एवं गाइड के कैडेट को भी जोड़ने पर बल दिया।
उन्होंने उत्सव आयोजन को सफल बनाने के लिए एसडीएम को विभिन्न आयोजन समितियों का समयबद्ध गठन करने के भी निर्देश दिये। साथ ही सभी समितियों की आगामी 15 अगस्त तक बैठकें आयोजित कर व्यापक रूपरेखा बनाने को भी कहा ताकि उत्सव का भव्य एवं आकर्षक आयोजन सुनिश्चित बनाया जा सके।
उन्होंने सभी सरकारी व गैर सदस्यों से सीर उत्सव के सफल आयोजन एवं इसके लक्ष्यों व उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करने का भी आह्वान किया।
इससे पहले बैठक का संचालन करते हुए एसडीएम अभिषेक बरवाल ने उत्सव के आयोजन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस दौरान उत्सव को बेहतर बनाने एवं आम जनमानस को जोड़ते हुए सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों ने कई अहम सुझाव भी दिये।
बैठक में एपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल, नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार, उपाध्यक्ष सविता कुमारी, पूर्व अध्यक्षा रीता सहगल, पूर्व उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, तहसीलदार बबीता धीमान, बीडीओ अभिषेक शर्मा सहित कई सरकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
