June 16, 2026

सब्जी मंडी एवं भट्टा कुफर स्कूल में आया भूकंप

जिला के विभिन्न उपमंडल में भूकंप की स्थिति को लेकर मेगा माॅक ड्रिल का आयोजन

शिमला, आपदा प्रबंधन को लेकर सोमवार को शिमला शहरी क्षेत्र के सब्जी मंडी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भट्टाकुफर में मेगा माॅक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसके तहत सब्जी मंडी में सुबह 09 बजे रिक्टर स्केल पर 8.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप की सूचना अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम डॉ भुवन शर्मा को प्राप्त हुई। इसके बाद मौके पर तैनात टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन आरंभ किया। भूकंप की चपेट में 10 से 14 भवन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 05 पुरुष और 01 महिला की मौके पर ही मौत दर्ज की गई। इसके अलावा 43 लोग घायल हुए जिसमें 25 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल रहीं। सभी घायलों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। रेस्क्यू कार्य 9 बजकर 24 मिनट पर आरंभ हुआ। रेस्क्यू टीम मौके के लिए 09 बजकर 21 मिनट पर रवाना हुई। इसके अलावा 500 लोगों को रेस्क्यू किया गया। 53 लोगों को मामूली चोटें आई जिनका उपचार मौके पर स्थापित मेडिकल कैंप में किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से मेगा माॅक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें आपदा से निपटने को लेकर अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा मौके पर आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष रणनीति को अमलीजामा पहनाया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम में मेगा माॅक ड्रिल की पल-पल की अपडेट ली जा रही थी। इसके साथ ही सभी टीमों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा था।
ड्रिल में नगर निगम एई रवि कौशल, एसडीआरएफ, आर्मी, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग की टीम, नगर निगम की टीम, आपदा मित्र मौजूद रहे।

भट्टाकुफर में मेगा माॅक ड्रिल
मेगा मॉक ड्रिल के दौरान भट्टाकुफर में 09 बजकर 26 मिनट पर भूकंप दर्ज किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भट्टाकुफर का भवन भूकंप के कारण पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। इस वजह से 2 लोगों की मौके पर मौत हुई। इसके अलावा 10 से 15 लोग मलबे में फंसे हुए थे जिन्हे रेस्क्यू किया गया। इस दौरान 347 लोगों को भी रेस्क्यू किया गया जो भवन के आसपास फंसे हुए थे। 98 छात्रों को मामूली चोटें आई हुई थी जिनका उपचार घटना स्थल पर स्थापित मेडिकल कैंप में किया गया।

विभिन्न उपमंडलों में भी आयोजित की मॉक एक्सरसाइज
रोहड़ू के चांशल होटल में 10 बजकर 9 मिनट पर भूंकप आया। इसमें 09 लोग फंसे हुए थे। इनमें से दो को काफी गंभीर चोटें आई थी। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू में भी भूकंप के कारण लोग चपेट में आए। वही चौपाल स्कूल में 10 बजे भूकंप आया। इसमें 05 लोग घायल हुए जिनमें 03 पुरुष एवं 02 महिलाएं शामिल रहे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुपवी में माॅक ड्रिल हुई जिसमें 135 छात्र घायल हुए। इस दौरान 120 छात्रों को रेस्क्यू किया गया जबकि शेष 15 छात्रों को काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया गया। इसके अतिरिक्त, ठियोग में न्यू बस स्टैंड प्रेमघाट, कोटखाई में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटखाई, जुब्बल उपमंडल में ठाकुर राम लाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुब्बल, कुमारसैन उपमंडल के तहत जय बिहारी लाल खाची राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुमारसैन, डोडरा क्वार उपमंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डोडरा में भी भूकंप की स्थिति को लेकर मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई।
-०-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *