June 6, 2026

देश में लॉन्च हुआ ई85 फ्लेक्स फ्यूल

सामान्य पेट्रोल से सीधे 20 रुपए मिलेगा सस्ता

नई दिल्ली, देश में ईंधन के एक नए और क्रांतिकारी युग की शुरुआत हो चुकी है। विश्व पर्यावरण दिवस की शाम को देश में ई85 फ्लेक्स फ्यूल को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली के पूसा रोड स्थित इंडियन ऑयल के एक रिटेल आउटलेट पर इस खास फ्यूल को देश को समर्पित किया। इस नए फ्यूल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सामान्य पेट्रोल के मुकाबले सीधे 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता मिलेगा। दिल्ली में इसकी कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है, जबकि सामान्य पेट्रोल अभी 102.12 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।

ई85 कोई सामान्य ईंधन नहीं है, बल्कि इसे खास तौर पर फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए तैयार किया गया है। गणित के हिसाब से समझें तो 1 लीटर ई85 फ्लेक्स फ्यूल में 85 फीसदी इथेनॉल और सिर्फ 15 फीसदी पेट्रोल मिक्स होगा। यानी एक लीटर तेल में 850 मिली लीटर इथेनॉल और 150 मिली लीटर पेट्रोल रहेगा। मौजूदा समय में देश के पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले सामान्य पेट्रोल (ई20) में सिर्फ 20 फीसदी तक ही इथेनॉल मिक्स होता है। यह फ्यूल सामान्य गाड़ियों के लिए बिल्कुल नहीं है, क्योंकि फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां ई20 से लेकर ई100 (100 प्रतिशत इथेनॉल) तक के मिश्रण पर चलने के लिए विशेष रूप से डिजाइन की जाती हैं।

केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली के पूसा रोड से इसकी शुरुआत की है। पहले चरण में सरकारी तेल कंपनियों ने देश भर के 48 चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स पर ई85 का रोलआउट शुरू कर दिया है। मंत्रालय ने इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में विस्तार देने का लक्ष्य रखा है। इसे दिसंबर 2026 तक देश के बड़े शहरों के 500 पेट्रोल पंपों तक बढ़ाया जाएगा, जहां यह फ्यूल मिलने लगेगा। इसके बाद दिसंबर 2027 तक देश के 5,000 रिटेल आउटलेट्स तक ई85 फ्यूल पहुंचाने का मेगा लक्ष्य तय किया गया है, यानी अगले डेढ़ साल के भीतर देश के एक बड़े हिस्से को इसका फायदा मिलने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *