उपभोक्ताओं को घर-द्वार पर उपलब्ध करवाया जा रहा घरेलू गैस सिलेंडर, निगम ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की
मंडी, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से सूचित किया गया है कि वर्तमान में विभाग एवं निगम उपभोक्ताओं को उनके घर-द्वार पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निगम ने एलपीजी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए गैस एजेंसियों में व्यक्तिगत रूप से आने की कोई आवश्यकता नहीं है।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक, मंडी, संजीव वर्मा ने आज यहां बताया कि गैस सिलेंडर का वितरण पूर्णतः ओटीपी/डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के आधार पर ही किया जा रहा है। यह व्यवस्था पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी को रोकने के उद्देश्य से लागू की गई है, ताकि वास्तविक एवं जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया है कि सिलेंडर प्राप्त करते समय अपना मोबाइल फोन अपने साथ रखें, ताकि ओटीपी/डीएसी कोड साझा करने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने बताया कि कुछ उपभोक्त्ता अनावश्यक रूप से एजेंसी परिसर में आकर सिलेंडर प्राप्त करने का प्रयास करते हैं, जिससे वितरण व्यवस्था में अनावश्यक विलंब उत्पन्न हो सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे एजेंसी पर भीड़ एकत्रित करने से बचें तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही सेवा का लाभ लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और शत-प्रतिशत डीएसी के आधार पर ही सिलेंडर वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
