May 5, 2026

जिला प्रशासन कांगड़ा आईपीएल मैचों हेतु पूर्णतः तैयार, सभी माॅक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न

धर्मशाला, मई माह के दौरान एच.पी.सी.ए. स्टेडियम में आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीन महत्वपूर्ण मैचों के दृष्टिगत जिला प्रशासन कांगड़ा द्वारा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
इस संबंध में एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित चारों (04) माॅक ड्रिल्स सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई हैं तथा सभी संबंधित विभाग किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन की संवेदनशीलता तथा बड़ी संख्या में संभावित दर्शकों, खिलाड़ियों, वीआईपी, वीवीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आयोजन कर्मियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संभावित आपदा परिदृष्यों पर आधारित माॅक अभ्यास आयोजित किए गए। इन अभ्यासों के माध्यम से न केवल विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया, बल्कि संसाधनों की उपलब्धता, संचार प्रणाली, निकासी योजना, भीड़ नियंत्रण एवं अंतर-विभागीय समन्वय का भी व्यापक मूल्यांकन किया गया।
एडीएम ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को आयोजित स्ट्रक्चरल कोलैप्स ड्रिल के दौरान स्टेडियम के एक हिस्से के आंशिक ध्वस्त होने की काल्पनिक स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान, घायलों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, ट्रायेज प्रणाली तथा एम्बुलेंस मूवमेंट का परीक्षण किया गया जबकि 29 अप्रैल 2026 को ड्रोन घुसपैठ, एयरस्पेस खतरा सिमुलेशन आयोजित किया गया, जिसमें अनधिकृत ड्रोन की संभावित घुसपैठ की स्थिति में पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों एवं तकनीकी टीमों की प्रतिक्रिया, सूचना संप्रेषण तंत्र तथा एयरस्पेस सुरक्षा प्रोटोकाॅल की समीक्षा की गई।
इसके अलावा आज दो महत्वपूर्ण माॅक ड्रिल्स सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। प्रथम, नाइट-टाइम इमरजेंसी ड्रिल के अंतर्गत मैच के दौरान बिजली बाधित होने की स्थिति, बैकअप लाइटिंग सिस्टम के सक्रियण, कम दृष्यता में निकासी, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली तथा आपातकालीन निकास मार्गों का परीक्षण किया गया। इस दौरान दर्शकों की सुरक्षित निकासी एवं आपातकालीन प्रकाश व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।
इसके अतिरिक्त फायर इमरजेंसी ड्रिल के तहत फूड कोर्ट एवं इलेक्ट्रिकल रूम में आग लगने की काल्पनिक स्थिति का सिमुलेशन किया गया। अग्निशमन विभाग द्वारा फायर दमन, धुआं नियंत्रण, फायर हाइड्रेंट सक्रियण, घायलों की निकासी तथा इंसिडेंट कमांड सिस्टम (आईसीएस) का सफल संचालन किया गया।
उन्होंने बताया कि इन सभी अभ्यासों में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, एचपीसीए प्रबंधन, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वयंसेवक एवं अन्य संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।
माॅक ड्रिल्स के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझावों को शामिल किया गया। प्रशासन द्वारा स्टेडियम की आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना, चिकित्सा प्रतिक्रिया प्रणाली, रूट डायवर्जन योजना, भीड़ प्रबंधन रणनीति तथा वीआईपी सुरक्षा समन्वय को अंतिम रूप प्रदान कर दिया गया है।
एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सभी हितधारकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा आपातकालीन संचालन केंद्र (ईओसी) द्वारा निरंतर निगरानी की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि मैचों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियमों एवं सुरक्षा प्रोटोकाॅल का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, सभी विभागों एवं सहयोगी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से आईपीएल मैचों का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *