May 23, 2026

उपायुक्त ने थुनाग में की आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनः बहाली एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा

· बहाली कार्यों में और तेजी लाएं लाइन विभाग- अपूर्व देवगन

मंडी, उपायुक्त अपूर्व देवगन ने शुक्रवार को सराज क्षेत्र के थुनाग उपमंडल के लघु सचिवालय में आयोजित विभागीय व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें सराज क्षेत्र में गत वर्ष बरसात में आई आपदा के उपरांत जारी पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी लाईन विभागों से पुनर्वास कार्यों की प्रगति का ब्यौरा प्राप्त किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वे प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों की बहाली कार्यों में और तेजी लाएं। विशेषतौर पर इन सड़कों पर अति संवेदनशील हिस्सों की मरम्मत का कार्य आगामी बरसात से पहले अवश्य पूरा कर लें। लोक निर्माण विभाग की ओर से बैठक में बताया गया कि सराज क्षेत्र में बरसात की आपदा से क्षतिग्रस्त हुई लगभग 116 सड़कों को पुनः बहाल कर दिया गया है। अब मात्र सात से आठ सड़कों की ही बहाली का कार्य शेष है। इसके अलावा क्षेत्र में लगभग 25 पुलियों एवं कई पैदल पुल भी पुनः बहाल कर दिए गए हैं। कई स्थानों पर कल्वर्ट इत्यादि डालकर सड़क सम्पर्क बहाल करने का कार्य किया गया है। उपायुक्त ने शेष सड़कों की बहाली के कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

अपूर्व देवगन ने जलशक्ति विभाग से भी आपदा प्रभावित पेयजल योजनाओं को सुचारू करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी प्राप्त की। विभाग की ओर से बताया गया कि गत बरसात में बुरी तरह से प्रभावित छड़ी खड्ड उठाऊ पेयजल योजना की बहाली का कार्य अंतिम चरणों में है। बिजली बोर्ड की ओर से इस योजना के लिए विद्युत लाइन बिछाने का कार्य जारी है और इसकी टेस्टिंग होने के तत्काल बाद पेयजल योजना को पुनः बहाल कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने खंड विकास कार्यालय के तहत संचालित किए जा रहे पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी की और सभी लंबित कार्यों को तय समय अवधि में पूर्ण करने को कहा।

उपायुक्त ने सभी लाइन विभागों को आगामी मानसून के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विभागों तथा स्थानीय प्रशासन को किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में पर्याप्त संख्या में मानव संसाधन एवं आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

पंचायत चुनावों की तैयारियां जांची

इसके अलावा उपायुक्त ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण करने को कहा। उन्होंने लंबाथाच राजकीय महाविद्यालय में स्थापित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया और इसकी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना.) संजीत शर्मा सहित खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण, जलशक्ति, हिमाचल पथ परिवहन निगम, वन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *