June 20, 2026

उपायुक्त किन्नौर ने किया 20 से 24 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले 05 दिवसीय राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास मेला रारंग का शुभारंभ

विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम व पांच सांस्कृतिक संध्याएं होंगी मुख्य आकर्षण

रिकांगपिओ ,
जनजातीय जिला किन्नौर के विकास खण्ड पूह की गा्रंम पंचायत रारंग में 20 से 24 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले 5 दिवसीय राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास मेला का विधिवत शुभारंभ आज उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने किया।

उपायुक्त ने बताया कि रारंग गांव महायान बौद्ध संस्कृति का प्रमुख केंद्र है तथा स्थानीय युवा पीढ़ी को अपनी बौद्ध संस्कृति पर गर्व महसूस करना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से मेला समिति को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया ताकि इस राज्य स्तरीय मेले का स्वरूप और भव्य बन सके। डॉ अमित शर्मा ने वर्तमान तनाव ग्रस्त आधुनिक युग में बौद्ध धर्म की विश्व स्तर पर प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

उपायुक्त किन्नौर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को एकत्रित कर, आपस में भाईचारा, सद्भभाव व खुशियां स्थापित करते हैं मेले एवं त्योहार। उन्होनें कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर की समृद्ध संस्कृति एवं रीति-रिवाज विश्व भर में प्रसिद्ध है तथा यहां के मेले एवं त्योहार किन्नौर की समृद्धता को चार चांद लगाते हैं। उन्होंने बताया कि यहां के मेहनतकश लोग आपस में भाईचारे को कायम रखने के लिए समय-समय पर लघु एवं विशाल मेले/जश्न आयोजित करते हैं ताकि मनोरंजन, आपस में प्यार व एकजुटता बनी रह सके।

डॉ अमित कुमार शर्मा कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक है। तथा मेले किसी भी प्रदेश या क्षेत्र में बसने वाले लोगों की धर्म, आस्था, रीति रिवाज और ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत महत्व रखते हैं। इसी के मद्देनजर किन्नौर जिला की समृद्ध संस्कृति व बौद्ध संस्कृति के संरक्षण के लिए इस प्रकार के मेले व त्यौहार का महत्व तो कई अधिक गुना बढ़ जाता है। कठिन जीवनशैली और थकान को कम करने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में इस प्रकार के मेले व त्योहार आयोजित किए जाते हैं।

डॉ अमित कुमार शर्मा ने बताया कि गुरु पदम संभव को समर्पित गुरु संज्ञास मेला रारंग यहां की स्थानीय संस्कृति की धरोहर है तथा इसके सरंक्षण एवं संवर्धन के लिए वर्तमान राज्य सरकार व जिला प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करते हैं। मेले के सफल आयोजन के लिए हर मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाती हैं तथा मेला समिति व जिला प्रशासन द्वारा अद्भुत व दर्शनीय मेला आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान हिमाचल सरकार पूरे प्रदेश में मेल-मिलाप व आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। इसी के दृष्टिगत सरकार द्वारा प्रदेश के मुख्य मेलों व त्यौहारों के आयोजन के साथ साथ जिला स्तरीय व क्षेत्र स्तरीय मेलों के आयोजन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उपायुक्त किन्नौर ने दीप प्रज्वलन व मेला ध्वजारोहण कर 05 दिवसीय राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास मेले का शुभारंभ किया।

कार्यकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह घनश्याम दास शर्मा ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक ढंग से किन्नौरी टोपी व खतक भेंट कर स्वागत किया व 05 दिवसीय राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास मेला में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।

इस अवसर पर तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी पूह इंदर सिंह नेगी, बौद्ध संस्कृति के विशेषज्ञ नरेंद्र गुरु सहित पंचायत जनप्रतिनिधि व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *