June 24, 2026

महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

रजनी, ऊना, . महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश तथा मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर सोमवार को उपायुक्त जतिन लाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर विभिन्न विभागों की भूमिका एवं आपसी समन्वय पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिला अथवा बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने पर संबंधित एजेंसियां तुरंत सक्रिय हों और मामले में बिना देरी आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि गुमशुदगी के मामलों में शुरुआती घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति को सुरक्षित ढूंढने की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने निर्देश दिए कि मानव तस्करी की आशंका वाले मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही बरामद व्यक्तियों की पहचान, आधार सत्यापन, पुनर्वास तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उद्देश्य गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश, मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश तथा मानव तस्करी की रोकथाम के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन के लिए प्रदेश सरकार ने सभी संबंधित विभागों एवं फील्ड एजेंसियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह, बाल कल्याण समिति ऊना के अध्यक्ष ओंकार कपिला, जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवदेव सिंह, पुलिस इकाई बाल संरक्षण के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *