July 13, 2026

डीसी अनुपमा अंजली ने ली खाद्य सुरक्षा को लेकर गठित जिला स्तरीय एडवाइजरी समिति की बैठक

खाद्य सुरक्षा को लेकर हरियाणा सरकार व प्रशासन गंभीर : डीसी अनुपमा अंजली

विभिन्न विभागों को एफएसएसएआई पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश

नारनौल, हरियाणा सरकार के आदेशानुसार आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एडवाइजरी समिति की बैठक आयोजित की गई।
सबसे पहले उपायुक्त ने जिले में एक आधुनिक खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की प्रक्रिया पर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लिए खाद्य सुरक्षा विषय सबसे अहम है। इस पर अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए भवन की तलाश है जल्द ही लैब स्थापित की जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जब भी खाद्य सुरक्षा टीम संवेदनशील इलाकों में निरीक्षण या सैंपलिंग के लिए जाए, तो उन्हें तुरंत सुरक्षा बल उपलब्ध कराया जाए ताकि कानूनी कार्रवाई में कोई रुकावट न आए। इसके साथ ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राशन डिपो के अनिवार्य पंजीकरण और खाद्यान्न के भंडारण से लेकर वितरण तक पूरी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उद्योगों में नियमों के पालन के लिए जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को सभी खाद्य विनिर्माण इकाइयों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसी प्रकार बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि वे मिड-डे मील के तहत स्कूलों में बनने वाले भोजन की स्वच्छता और राशन के सही रख-रखाव की नियमित जांच करें, साथ ही सभी स्कूल किचन का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य रूप से करवाएं। इसी तरह महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का निःशुल्क पंजीकरण कराने और बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता लगातार जांचने के आदेश दिए गए।
इस बैठक में सीएमओ डॉ अशोक कुमार, डीडीए डॉ देवेंद्र सिंह, एएफएसओ अरुण सैनी तथा फूड सेफ्टी ऑफिसर राजेश कुमार वर्मा के अलावा समिति के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *