डीसी अनुपमा अंजली ने किया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण
अधिकारियों को पानी की गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश
रेवाड़ी रोड स्थित एसटीपी को इसी महीने में चालू करने के निर्देश
नारनौल,
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने आज रेवाड़ी रोड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग तथा नगर परिषद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र से साफ होने के बाद छोड़े जा रहे पानी की शुद्धता को जांचा। इसके अलावा उन्होंने छलक नाले का भी निरीक्षण किया। वहीं गोद-बलाहा में नदी का दौरा किया।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां साफ होने के बाद निकलने वाले पानी की गुणवत्ता हर हाल में तय नियमों के अनुसार ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट इसी महीने पूरी तरह से चालू हो जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह साफ पानी नदी में डाला जाता है और इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने इस शोधित जल को किसानों के लिए सिंचाई के लिए उपलब्ध करवाने की एक महत्वपूर्ण योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह योजना इस पूरे क्षेत्र में निरंतर गिरते भूमिगत जल स्तर को सुधारने और जल पुनर्भरण के लिए की गई है।
अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पानी की शुद्धता पूरी तरह से खेती और फसलों के अनुकूल हो।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि सरकार की इस जनहितैषी योजना के अनुरूप ही पानी की सफाई का काम होना चाहिए, ताकि खेतों की सिंचाई का काम सुचारू रूप से चल सके और किसानों को इसका सीधा लाभ मिले।
इस मौके पर उनके साथ डीएमसी रणवीर सिंह, एसई जन स्वास्थ्य विभाग एसपी जोशी, एक्शईएन इरिगेशन संदीप, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से अनुज के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
