August 14, 2026

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली को दहलाने की साजिश

नई दिल्ली,स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया, जब राजधानी की कई प्रमुख जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।

धमकी मिलने वाली जगहों में दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, एमबी साकेत ऑफिस/डीएम ऑफिस, दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट का एसडीएम ऑफिस शामिल बताए गए हैं।

धमकी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने सभी संबंधित लोकेशन पर अपने वाहन भेज दिए। सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थानों को खाली करा लिया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया।

अभी तक की जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरी सावधानी बरत रही हैं।

दिल्ली हाई कोर्ट को मिली धमकी के बाद पूरे परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। बॉम्ब स्क्वायड और स्निफर डॉग्स की मदद से परिसर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की गई।

हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी और वकील कुनाल ने बताया कि शुरुआती तौर पर धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और अब तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है जिससे लोगों को घबराने की जरूरत हो।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में एक साथ कई महत्वपूर्ण स्थानों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

पुलिस ईमेल के स्रोत और धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच जारी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *