सुंदरनगर में प्रत्याशियों की मौजूदगी में ईवीएम की कमिश्निंग संपन्न
सुंदरनगर, 13 मई 2026।
नगर परिषद सुंदरनगर चुनाव-2026 के तहत बुधवार को ईवीएम कमिश्निंग प्रक्रिया प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न करवाई गई। यह प्रक्रिया नगर परिषद चुनाव के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर शशि पाल नेगी की मौजूदगी तथा निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की निगरानी में आयोजित हुई। इस दौरान तहसीलदार सुंदरनगर अंकित शर्मा, नायब तहसीलदार आदित्य गुलरिया और नायब तहसीलदार निर्वाचन सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।
निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सबसे पहले प्रत्याशियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला गया। इसके बाद ईवीएम मशीनों को बाहर निकालकर सभी के समक्ष उनका निरीक्षण किया गया। मशीनों की कार्यप्रणाली तथा तकनीकी पहलुओं की जांच भी प्रत्याशियों को दिखाते हुए की गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
निर्वाचन अधिकारी अमर नेगी ने बताया कि बैलेट यूनिट तथा कंट्रोल यूनिट को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विधिवत रूप से तैयार किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि नगर परिषद सुंदरनगर के 20 मतदान केंद्रों के लिए 35 ईवीएम तैयार की गई हैं, जबकि 5 ईवीएम मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए रखी गई हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक चरण में प्रत्याशियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों ने पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया।
