May 21, 2026

स्वच्छता केवल घर तक न रहे सीमित, पूरे गांव को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी : अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति

  • गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग करके गांव को स्वच्छ बनाने में दें सहयोग, महिलाओं की भागीदारी सराहनीय

नूंह, – अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने वीरवार को गांव उजीना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत जिला स्तरीय साप्ताहिक स्वच्छता जागरुकता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि गांव उजीना के लोगों ने अपने गांव, स्कूल और गलियों को स्वच्छ रखने के लिए जिस प्रकार सहभागिता दिखाई है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि स्वच्छता केवल अपने घर या कमरे तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने गांव को भी अपने घर की तरह समझते हुए उसे साफ-सुथरा रखने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना बेहद जरूरी है। यदि लोग अपने घर से ही कचरे का पृथक्करण शुरू कर दें, तो इससे कई समस्याओं का समाधान संभव है। गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जा सकती है, जिसका उपयोग किसान अपनी फसलों में कर बेहतर पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, प्लास्टिक और अन्य सूखे कचरे को रिसाइकिल कर उसकी उपयोगिता और आर्थिक मूल्य बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केवल जागरुकता ही नहीं, बल्कि व्यवहार में बदलाव भी जरूरी है। हमें स्वयं से यह प्रश्न करना होगा कि क्या हम स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज में बदलाव की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि महिलाएं स्वच्छता अभियान से पूरी तरह जुड़ जाएं, तो गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सपना आसानी से साकार किया जा सकता है।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि गांव की सरपंच ममता द्वारा गांव के विकास से जुड़ी जो भी मांगें रखी गई हैं, उन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल की सुविधा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में किया गया प्रयास गांव के भविष्य को मजबूत करेगा।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रशासन की ओर से गांव के विकास कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा तथा ग्रामीणों की जरूरतों और मांगों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि गांवों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *