शिमला क्रिकेट कार्निवल 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने सहभागिता की
शिमला , शिमला क्रिकेट कार्निवल 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट कार्निवल में शामिल होकर उन्हें युवाओं के उत्साह, ऊर्जा और संकल्प को करीब से देखने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब युवा बैट उठाकर मैदान में उतरता है, तो वह रन बनाने के साथ-साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने का हौसला भी प्राप्त करता है। इसीलिए “नशा छोड़ो, खेल खेलो” का नारा वर्तमान और भावी दोनों पीढ़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को चिट्टे व अन्य नशों से दूर रहने तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई।
साथ ही मुख्यमंत्री ने उन लोगों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया, जिन्होंने इस कारवां में अपना योगदान देकर अमिट छाप छोड़ी और अब हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे दिवंगत साथी सदैव इस परिवार की आत्मा बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने क्रिकेट कार्निवल से जुड़े खिलाड़ियों, आयोजन मंडल और युवा साथियों को बधाई दी। खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी मिलकर हिमाचल को खेलों के क्षेत्र में भी और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में भी आगे ले जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
