मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के जरिए किया 114 करोड़ की 7 स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ
विधायक ओमप्रकाश यादव व कंवर सिंह यादव ने स्थानीय स्तर पर किया 5 अमृत सरोवरों का उद्घाटन
4.15 करोड़ की लागत से तैयार हुए जिला के 5 अमृत सरोवर
नारनौल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ की नई अनाज मंडी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला महेंद्रगढ़ के 5 अमृत सरोवरों सहित प्रदेश की 114 करोड़ की सात परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी मौजूद रहीं। स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर पंचायत भवन में विधायक ओमप्रकाश यादव तथा महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संबोधन एलइडी के जरिए सुना गया।
इस मौके पर विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार लगातार देश व प्रदेश में मजबूत ढांचागत सुविधा उपलब्ध करवाने को प्रतिबद्ध है।
महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि ये अमृत सरोवर गांवों के प्रमुख आकर्षण के केंद्र बन रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि सभी गांव के जोहड़ों का कायाकल्प हो ताकि लोगों को साफ व स्वच्छ वातावरण मिले।
सीएम ने आज जिला की जिन पांच अमृत सरोवरों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया उनमें 1.82 करोड़ की लागत से हनुमान मंदिर अमृत सरोवर गणियार, 47.84 लाख की लागत से खाण्डरी वाला धनौंदा, 59.01 लाख की लागत से बाबा वाला खातौली जाट, 72.41 लाख की लागत से बास किरारोद उमराबाद, 53.71 लाख की लागत से जड़वा की ढाणी के अमृत सरोवर शामिल हैं।
इस मौके पर सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, एक्सईएन पंचायती राज रमेश तथा बीडीपीओ रेनूलता यादव के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
सीएम नायब सिंह सैनी ने इन परियोजनाओं का किया लोकार्पण
नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ उप-मंडलीय अस्पताल की चिकित्सा क्षमताओं में विस्तार किया। यहां नवनिर्मित अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का विधिवत लोकार्पण हुआ है, जिस पर लगभग 31.72 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आई है।
इसके साथ ही इसी अस्पताल में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महिला क्लिनिक का भी शुभारंभ किया गया है।
सीएम ने 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
