May 8, 2026

‘आप’ सांसद राजकुमार चब्बेवाल को अमित शाह के नाम से कॉल

कहा- जन्मदिन मुबारक, आप मुझसे दिल्ली आकर मिलो

होशियारपुर, होशियारपुर से आम आदमी पार्टी के सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को उनके जन्मदिन पर एक रहस्यमयी फोन कॉल ने राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना दिया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की आवाज में बात करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और दिल्ली आकर मिलने के लिए कहा।

डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें यह कॉल प्राप्त हुई। कॉलर की आवाज बिल्कुल अमित शाह जैसी लग रही थी, जिससे वह कुछ समय के लिए हैरान रह गए। कॉल में कहा गया- जन्मदिन मुबारक हो, आप मुझसे दिल्ली आकर मिलो।

सांसद ने कहा कि पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि वास्तव में गृहमंत्री का फोन हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज उनका जन्मदिन होने के कारण वह कार्यक्रमों में व्यस्त हैं, लेकिन जल्द ही पुलिस अधिकारियों से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे ताकि कॉल करने वाले की पहचान की जा सके।

डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि किसी ने मजाक किया है या इसके पीछे कोई और मकसद है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी।

यह फोन कॉल ऐसे समय में सामने आई है जब पंजाब की राजनीति में दल-बदल और राजनीतिक उठापटक को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। हाल ही में पंजाब से कई सांसदों और नेताओं के भाजपा के संपर्क में होने की चर्चाओं के बीच इस कॉल ने नई अटकलों को जन्म दे दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गृहमंत्री की आवाज में आई इस कॉल ने आम आदमी पार्टी के भीतर भी हलचल बढ़ा दी है। पंजाब में भाजपा द्वारा लगातार संगठन मजबूत करने की कोशिशों और अब पंजाब की बारी जैसे नारों के बीच इस घटनाक्रम को खास तौर पर देखा जा रहा है।

डॉ. राजकुमार चब्बेवाल 2024 के लोकसभा चुनाव में होशियारपुर सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर विजयी होकर संसद पहुंचे थे। उन्होंने चुनाव में 3 लाख से अधिक वोट हासिल किए थे। मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *