May 16, 2026

राष्ट्र निर्माण, ऊर्जा उत्पादन व जल प्रबंधन में बीबीएमबी की भूमिका सराहनीय : मनोहर लाल

बीबीएमबी के 51वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान उपस्थित केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, विभिन्न राज्यों के मंत्री व बीबीएमबी अधिकारी।

बीबीएमबी ने 51वां स्थापना दिवस भव्यता व गौरव के साथ मनाया

शिवांकुर शर्मा, भाखड़ा बांध, नंगल

भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित अपना 51वां स्थापना दिवस भव्यता, गरिमा व उत्साह के साथ मनाया। यह अवसर बीबीएमबी की स्थापना के गौरवशाली 50 वर्ष पूर्ण होने का भी प्रतीक बना। समारोह में बीबीएमबी की पांच दशकों की उपलब्धियों, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्युत, आवासन व शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी, पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल तथा राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा पंजाब के मुख्य सचिव, बीबीएमबी बोर्ड के सदस्य, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी, विद्युत निगमों के सीएमडी व एमडी, बीबीएमबी के पूर्व अध्यक्ष तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद बीबीएमबी के अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी ने स्वागत भाषण देते हुए बीबीएमबी की ऐतिहासिक उपलब्धियों, तकनीकी उत्कृष्टता व राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी ने विद्युत उत्पादन, जल प्रबंधन तथा पर्यावरणीय संतुलन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
इस अवसर पर बीबीएमबी की गौरवशाली विरासत, नई पहलों व भविष्य की योजनाओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में बीबीएमबी की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने केवल बिजली व सिंचाई के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक-आर्थिक विकास, कृषि उन्नति व क्षेत्रीय संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी जल व विद्युत संसाधनों के समन्वित प्रबंधन के माध्यम से भागीदार राज्यों की आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा कर रहा है।
उन्होंने ऊर्जा की बढ़ती मांग को देखते हुए सोलर प्लांट स्थापित करने, पंप स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा देने तथा बैटरी स्टोरेज व्यवस्था विकसित करने पर बल दिया। वहीं श्रुति चौधरी, बरिंदर कुमार गोयल व सुरेश सिंह रावत ने भी कुशल जल व बिजली प्रबंधन के प्रति बीबीएमबी की प्रतिबद्धता की सराहना की।
समारोह के दौरान बीबीएमबी डीएवी स्कूल नंगल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता व भारत की सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। सार्थक जीएमएसएस स्कूल के विद्यार्थियों ने अनुशासित पाइप बैंड प्रस्तुति देकर मेहमानों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में बीबीएमबी की पांच दशकों की उपलब्धियों को राष्ट्र सेवा, व्यावसायिकता व समर्पण का प्रतीक बताते हुए भविष्य में भी ऊर्जा व जल संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *