May 19, 2026

भोरंज में एआरओ, पीठासीन और मतदान अधिकारियों को करवाया पूर्वाभ्यास

भोरंज 19 मई। विकास खंड भोरंज की 44 पंचायतों के सहायक निर्वाचन अधिकारियों और इन पंचायतों के विभिन्न मतदान केंद्रों में मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए नियुक्त होने वाले पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों को मंगलवार को यहां राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज के परिसर में दूसरे चरण का प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास करवाया गया।
इस अवसर पर एसडीएम एवं भोरंज के निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) शशिपाल शर्मा ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं की निर्वाचन प्रक्रिया के लिए तैनात होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। इस प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन से संबंधित विभिन्न नियमों और राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देश की अक्षरशः अनुपालना में अगर किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही या चूक होती है तो उसके लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की ही जवाबदेही होती है। इसलिए, सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मतदान प्रक्रिया और राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों को गहनता के साथ समझें, ताकि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से और विवादरहित संपन्न करवाया जा सके।
एसडीएम ने बताया कि विकास खंड भोरंज की 44 ग्राम पंचायतों के लिए फिलहाल 91 मतदान दल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन पंचायतीराज संस्थाओं के विभिन्न पदों के बैलेट लिखने का कार्य बुधवार से आरंभ कर दिया जाएगा। इस कार्य के दौरान भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सावधानी बरतें। बैलेट पेपर में कोई गलती नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास सत्र में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह, पंचायत निरीक्षक राकेश कुमार, सहायक निरीक्षक मनोज शर्मा, खंड विकास कार्यालय अधीक्षक रणजीत सिंह, सेक्टर अधिकारी, राजेंद्र सिंह पठानिया, राकेश लखनपाल, सुनील कुमार, मोनिका शर्मा, अमित कुमार, सुभाष वर्मा, विभिन्न पंचायतों के सहायक निर्वाचन अधिकारी, पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *