पैरा लीगल वॉलंटियरों के लिए 28 तक करें आवेदन
हमीरपुर। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जिले में संचालित किए पांच ग्राम विधिक सेवा केंद्रों में पैरा लीगल वॉलंटियरों की इम्पैनलमेंट की जाएगी। इनके लिए इच्छुक एवं पात्र लोगों से 28 जुलाई तक यहां पक्का भरो स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला हमीरपुर में गांव बोहनी, पटलांदर, भोरंज, नादौन और बड़सर में ग्राम विधिक सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और जिला के विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों को इन केंद्रों के अंतर्गत लाया गया है। इनमें पैरा लीगल वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे जोकि आम लोगों को कानूनी मदद एवं इससे संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की मुफ्त कानूनी सहायता योजना और अन्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा सभी के लिए न्याय सुलभ बनाने में पैरा लीगल वॉलंटियर्स बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि पैरा लीगल वॉलंटियर्स के लिए किसी भी तरह के मानदेय का प्रावधान नहीं है। यह एक स्वैच्छिक सेवा है। इसके लिए आवेदन करने वाला व्यक्ति कम से कम मैट्रिक पास होना चाहिए। ये आवेदन 28 जुलाई तक पक्का भरो स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में पहुंच जाने चाहिए। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।
