सीएम की अगुवाई में ऊना में 7 सितंबर को होगी ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’
डीसी ने तैयारियों की समीक्षा की, नशे के खिलाफ अभियान में युवा वर्ग की अधिकाधिक भागीदारी पर बल
ऊना, हिमाचल को नशामुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। वॉकाथॉन के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आज जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर, सोमवार को प्रातः करीब 10 बजे मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी वॉकाथॉन में शामिल होकर प्रतिभागियों के साथ चलेंगे। प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे। इस दौरान वे युवाओं से संवाद भी करेंगे। वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को और मजबूत करना है।
उपायुक्त ने कहा कि वॉकाथॉन में कक्षा नौवीं से लेकर कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के रूप में जोड़ा जा रहा है। संबंधित शिक्षण संस्थानों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से युवाओं तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि इंदिरा स्टेडियम में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइनस’ के कलाकार गीत-संगीत के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
बेहतर व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
उपायुक्त ने बताया कि वॉकाथॉन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल को आयोजन के लिए ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित उपमंडलों के एसडीएम एवं डीएसपी अपने-अपने क्षेत्रों से विद्यार्थियों के आवागमन को लेकर समुचित समन्वय एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी को इंदिरा स्टेडियम में विद्यार्थियों के समुचित प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभिन्न उपमंडलों से आने वाली बसों के रूट एवं मूवमेंट के समन्वय और निगरानी के लिए जिला पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पीओ डीआरडीए को विद्यार्थियों के लिए खान-पान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम की ओर से आयोजन स्थल की सजावट, साफ-सफाई एवं शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन के लिए उद्योग जगत से भी आवश्यक सहयोग लिया जाएगा। प्रोटोकॉल से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए सहायक आयुक्त को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शिक्षण संस्थानों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश
उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को संबंधित शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने उपमंडलों में संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के साथ बैठक कर वॉकाथॉन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित रूट का निरीक्षण कर एंट्री-एग्जिट, यातायात, पार्किंग, विद्यार्थियों के आवागमन तथा अन्य व्यवस्थाओं का पहले से जायजा लेने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।
पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं के होंगे समुचित प्रबंध
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थल पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्याप्त शौचालयों की उपलब्धता तथा आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर हेल्थ पोस्ट स्थापित करने तथा वॉकाथॉन के दौरान एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों के खान-पान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था के लिए पुलिस करेगी समन्वय
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को वॉकाथॉन के दौरान यातायात एवं कानून-व्यवस्था के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्तावित रूट पर ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग तथा प्रतिभागियों की सुचारू आवाजाही के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को भी कहा ।
उपायुक्त ने कहा कि ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को प्रभावी जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने तथा आयोजन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बैठक में वॉकाथॉन के दौरान यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री पुलिस मुख्यालय से प्राप्त होगी, जिसे व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। उन्होंने बेहतर आपसी समन्वय पर बल देते हुए युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित बनाने का आह्वान किया।
बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह, कमांडेंट गृह रक्षक हितेश लखनपाल, डीएसपी मोहन रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा, एमएस डॉ. संजय गुलेरिया, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
