पंजाब-चंडीगढ़ में 5 दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट
पारा 40 डिग्री से नीचे लुढ़का
मोहाली, पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आज, 2 मई से अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और ओलावृष्टि का असर मैदानी इलाकों में साफ दिख रहा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 40 डिग्री के नीचे आया पारा फिलहाल पंजाब के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। बठिंडा एयरफोर्स स्टेशन 39.2 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि अमृतसर, लुधियाना और पटियाला जैसे प्रमुख शहरों में पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है। चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान भी 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। साथ ही अरब सागर से आ रही नमी और राजस्थान के पास बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से पंजाब में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। आज पठानकोट, होशियारपुर, बठिंडा और मानसा समेत 7 जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
3 और 4 मई को पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और लुधियाना जैसे जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
5 मई: फिरोजपुर, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा सहित कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश होने के आसार हैं।
6 और 7 मई: सप्ताह के अंत तक कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद बारिश के चलते पारा 3 से 4 डिग्री तक और गिर जाएगा। इससे आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को झुलसाने वाली लू से पूरी तरह निजात मिलेगी।
