हमीरपुर की 83 पंचायतों में लगभग 72.17 प्रतिशत मतदान
हमीरपुर 26 मई। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को जिला हमीरपुर की 83 ग्राम पंचायतों में लगभग 72.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन पंचायतों में प्रधान और उपप्रधान के 83-83 पदों, पंचायत वार्ड सदस्यों के 481 पदों और इनके अंतर्गत जिला परिषद और बीडीसी के सदस्यों के लिए सुबह 7 बजे मतदान आरंभ हुआ।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पहले दो घंटे में 18.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 11 बजे तक 40.19 प्रतिशत और दोपहर एक बजे तक 58.54 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान की समाप्ति तक यह आंकड़ा लगभग 72.17 प्रतिशत तक पहुंच गया।
इस चरण में नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों के 117 बूथों में 73.22 प्रतिशत, बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों के 101 बूथों में 72.08 प्रतिशत, बमसन ब्लॉक की 9 पंचायतों के 51 बूथों में 72.28 प्रतिशत, भोरंज ब्लॉक की 15 पंचायतों के 92 बूथों में 70.87 प्रतिशत, हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों के 77 बूथों में 72.22 प्रतिशत और सुजानपुर ब्लॉक की 8 पंचायतों के 44 बूथों में 72.36 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
