एक महिला ने चप्पल से कर दी कंडक्टर की पिटाई, अब उसका वीडियो हो रहा है वायरल
घुमारवीं, (प्रकाश शर्मा)-:जिला बिलासपुर के घुमारवीं बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो महिलाओं ने एक निजी बस के कंडक्टर की चप्पल से सरेआम पिटाई कर दी। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं सरेआम कंडक्टर पर चप्पल से हमला करते दिखाई दे रही हैं। बस स्टैंड पर हुए इस हंगामे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कंडक्टर की पहचान जोगिंद्र सिंह निवासी गांव सुमाड़ी, डाकघर लैहड़ी सरेल के रूप में हुई है। मारपीट की घटना के बाद पीड़ित बस कंडक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में जोगिंद्र ने बताया कि जब वह बस स्टैंड पर मौजूद था, तब वंदना कुमारी और उसकी भाभी ने उसे अचानक रोक लिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दोनों ने पहले गाली-गलौच की और फिर चप्पल से पिटाई की। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। इस हाथापाई के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी कहीं गिर गई या गायब हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का पति और पीड़ित जोगिंद्र सिंह एक ही फर्म में कंडक्टर के रूप में काम करते हैं। मुख्य विवाद महिला और उसके पति के बीच चल रहा था। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
