जांगड़ा में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया
हरियाणा, स्थानीय जांगड़ा धर्मशाला में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष रोहतास जांगड़ा के सम्मान में स्थानीय नया बाजार स्थित जांगड़ा धर्मशाला में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक और नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप भी मौजूद रहे।
समारोह में पहुंचे बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने रोहतास जांगड़ा का फूल मालाओं से और पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया तथा उन्हें हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने रोहतास जांगड़ा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बोर्ड श्रमिकों के हितों के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रोहतास जांगड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिक वर्ग को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता, विवाह अनुदान, मातृत्व सहायता तथा अन्य कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर श्रमिक अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकते हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाएं, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति को इनका लाभ मिल सके।
रोहतास जांगड़ा ने समारोह में मिले सम्मान के लिए सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
