February 25, 2026

गुरबाणी के मुफ़्त प्रसारण के मामले को बिना वजह लटका कर बादल परिवार के इशारों पर काम रही है एसजीपीसी: भगवंत मान

चंडीगढ़, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.)द्वारा पवित्र गुरबाणी का लाइव प्रसारण करने से पैर पीछे खींच लेने की सख़्त निंदा की है। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि शिरोमणि कमेटी ने पवित्र गुरबाणी का संदेश मुफ़्त प्रसारण के ज़रिये घर-घर पहुँचाने को सफल बनाने की बजाय अपने पहले वायदे से यू-टर्न लिया जिससे गुरबाणी प्रसारण के अधिकार एक ही चैनल के हाथों में बने रहें। उन्होंने कहा कि यह कितनी हैरानी की बात है कि मानवता के बड़े हितों की ख़ातिर नेक पहुँच अपनाने की बजाय शिरोमणि कमेटी गुरबाणी के मुफ़्त प्रसारण के मसले को बिना वजह लटका कर बादल परिवार के इशारों पर काम कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि श्री अकाल तख़्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ने एक साल पहले गुरबाणी का मुफ़्त प्रसारण करने के लिए शिरोमणि कमेटी को कहा था परन्तु शिरोमणि कमेटी उस समय से हाथ पर हाथ रख कर बैठी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भी जत्थेदार साहिब ने गुरबाणी के प्रसारण के लिए किसी चैनल का नाम का ज़िक्र तक नहीं किया परन्तु शिरोमणि कमेटी ने अंधी वफ़ादारी दिखाते हुये उसी चैनल को गुरबाणी का प्रसारण जारी रखने के लिए कहा है जिससे अपने आकाओं को खुश किया जा सके। भगवंत मान ने कहा कि बुद्धिमान लोग मानवता के विरुद्ध इस गुनाह के लिए आज के दौर के मसंदों को कभी भी माफ नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री ने दोहराते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार को सेवा का मौका मिलता है तो गुरबाणी के सीधे और मुफ़्त प्रसारण के लिए सभी प्रबंध 24 घंटों में किये जा सकते हैं। सरकारी आयोजनों को लाइव करने के लिए लाइव फीड देने का ज़िक्र करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार यह प्रबंध एक घंटे में ही कर लिए जाते हैं। भगवंत मान ने कहा कि इससे हरेक सैटेलाइट चैनल और वैब चैनल पर गुरबाणी के मुफ़्त प्रसारण को संभव बनाया जा सकेगा जिससे लोगों को बहुत लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल की तरफ से सिख गुरूद्वारा(संशोधन) बिल- 2023 को मंज़ूरी देने को बिना वजह लटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बिल का उद्देश्य पवित्र गुरबाणी के प्रसारण के हक विशेष परिवार के कंट्रोल में से निकाल कर मुफ़्त प्रसारण करना है। भगवंत मान ने कहा कि यह बिल गुरबाणी को घर-घर पहुँचाये जाने को संभव बनाने के लिए प्रयास है। उन्होंने कहा कि महान गुरू साहिबान की शिक्षाओं के प्रसार के लिए शिरोमणि कमेटी का फ़र्ज़ श्री हरिमन्दर साहिब से पवित्र गुरबाणी का लाइव प्रसारण (ऑडियो या ऑडियो के साथ-साथ वीडियो) सभी मीडिया घरानों, आऊटलैट्टज़, प्लेटफार्म, चैनलों आदि जो भी चाहता हो, को मुहैया करवाया जाये और इस प्रसारण के दौरान किसी भी कीमत पर इश्तिहारबाज़ी या व्यापारीकरण न हो।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने तंज़ कसते हुये कहा कि यह कितना अजीब है कि राज्यपाल इस बात से अनजान हैं कि क्या राज्य द्वारा बुलाया विधान सभा का सत्र कानूनी या ग़ैर- कानूनी था ? उन्होंने कहा कि बीते समय में कैप्टन सरकार ने भी ऐसे दो सैशन बुलाए थे जिनको राज्यपाल ने बाद में मंज़ूरी दी थी। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने कानून विशेषज्ञों की सलाह के साथ और भारतीय संविधान के अंतर्गत यह सैशन बुलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *