गन्ने का रेट 600 रुपये क्विंटल करे सरकार : बत्तरा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर बत्तरा ने यमुनानगर जिले में मौसम की मार से प्रभावित किसानों से मुलाकात कर फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं और बरसात के कारण कई गांवों में खेतों में खड़ी गन्ने और धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
बत्तरा ने कहा कि किसानों ने महीनों की मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी परेशानी बढ़ा दी। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को समय पर उचित राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए। बत्तरा ने गन्ने का रेट बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। साथ ही उन्होंने धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि खरीद शुरू होने से किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा मिलेगी और उन्हें समय पर भुगतान मिल सकेगा।
