September 18, 2026

भारतीय जनता पार्टी ने आज पंजाब नशामुक्त यात्रा शुरू की

भारतीय जनता पार्टी ने आज पंजाब नशामुक्त यात्रा शुरू की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने माधोपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एकता स्थल से ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई। यात्रा शुरू करने से पहले, उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर नमन किया। यह यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुज़रेगी और राज्य को नशा-मुक्त बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को इस यात्रा का समापन करेंगे। नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है। वह आज उस मुद्दे को लेकर यहां आए हैं, जिसकी आवाज और दर्द हर घर में सुनाई दे रहा है। नवीन ने कहा कि वह गुरु गोबिंद सिंह की धरती पटना से एक संदेश लेकर आए हैं कि पंजाब में नशामुक्ति अभियान को आगे ले जाना है और इसे ताकत देनी है।

यह पूरी यात्रा 18 सितंबर से 30 सितंबर तक कुल 13 दिनों तक निरंतर चलेगी। इस दौरान प्रदेश भर में चार अलग-अलग यात्राएं निकाली जाएंगी, जो राज्य के सभी 117 विधानसभा हलकों को कवर करेंगी। इस महा-अभियान के तहत करीब 4000 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। पहली यात्रा के सुचारू संचालन और नेतृत्व के लिए 15 विशेष रथ तैयार किए गए हैं। माधोपुर के एकता स्थल पर आज 10 हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *