अणु में उपभोक्ताओं को दी स्मार्ट मीटर और सौर ऊर्जा संयंत्रों की जानकारी
हमीरपुर। आम उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने, उनकी विभिन्न समस्याओं के निवारण, घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने और बिजली बोर्ड की अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए शुक्रवार को अणु के विद्युत विश्राम गृह में एक जागरुकता एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्युत उपमंडल-1 हमीरपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक अभियंता कर्ण सिंह ने उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा और स्मार्ट मीटर के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा उनकी कई शिकायतों का निवारण भी किया।
सहायक अभियंता ने बताया कि बिजली बोर्ड के विशेष जागरुकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल सौर ऊर्जा को अपनाने और आधुनिक स्मार्ट मीटर के फायदों के प्रति जागरूक करना था। अभियान के दौरान विशेषज्ञों द्वारा उपभोक्ताओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर प्लांट योजना की जानकारी दी गई तथा बिजली बिलों में भारी कटौती करने के लिए घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के फायदों के बारे में विस्तार से बताया गया। सरकार द्वारा सोलर पैनल लगाने पर दी जाने वाली विभिन्न वित्तीय छूट और सब्सिडी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे अपना सकें। उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली से अवगत करवाते हुए सहायक अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपने दैनिक बिजली खर्च पर नजर रख सकते हैं। इससे गलत या अनुमानित बिलिंग की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाती है। स्मार्ट मीटर बजट के अनुसार बिजली उपयोग करने की योजना को आजादी देता हैं।
