September 9, 2026

एमी विर्क की कार पर चली गोलियां

एमी विर्क के साथी पर पहले भी हो चुकी है फायरिंग

कनाडा के एबॉट्सफोर्ड शहर में पंजाबी गायक एवं अभिनेता एमी विर्क की कार पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। हमले के दौरान कार में एमी विर्क समेत चार लोग सवार थे। हालांकि, सभी सुरक्षित बच गए। गोलीबारी के निशान कार की खिड़की के शीशे पर दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि कार बुलेटप्रूफ होने के कारण गोलियां अंदर नहीं जा सकीं।

एमी विर्क एबॉट्सफोर्ड में अपना शो करने के बाद दोस्तों के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है, लेकिन निजता का हवाला देते हुए कार में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के बाद हमले में इस्तेमाल की गई कार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर ले जाकर आग लगा दी गई। जांच अधिकारियों का मानना है कि आपराधिक गिरोह अक्सर सबूत मिटाने और अपनी पहचान छिपाने के लिए वारदात में इस्तेमाल वाहनों को जला देते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाया गया था या नहीं। मामले की जांच विशेष पुलिस टीम को सौंपी गई है।

सूत्रों के अनुसार, एमी विर्क के साथ मौजूद लोगों में से एक व्यक्ति पर पहले भी गोलीबारी हो चुकी है, हालांकि उस घटना में वह बाल-बाल बच गया था। पुलिस अब इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

पिछले कुछ दिनों में सरी और आसपास के इलाकों में गोलीबारी की घटनाओं में फिर बढ़ोतरी देखी गई है। करीब दो महीने तक शांति रहने के बाद पिछले चार दिनों में सरी, एबॉट्सफोर्ड और डेल्टा में गोलीबारी की पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *