दिल्ली से पेरिस तक गूंजा कृष्ण जन्मोत्सव
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। साधुओं के प्रेरणादायक प्रवचनों और भजनों ने पूरे वातावरण को कृष्ण भक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम को भगवान की प्रार्थना और मंत्रोच्चार के साथ हुई। साधुओं ने गोपिका गीत और भागवत पुराण के प्रसंगों के माध्यम से भगवान के प्रति समर्पण, अनन्य भक्ति और सत्संग के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि ईश्वर के प्रति समर्पण केवल भावना नहीं, बल्कि जीवन को ईश्वर-केंद्रित बनाने वाली आध्यात्मिक साधना है। जन्माष्टमी समारोह में बच्चों और युवाओं ने विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्म पर आधारित डांस-ड्रामा कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। कलाकारों ने कृष्ण के जन्म और उनके व्यक्तित्व को नृत्य और अभिनय के जरिए बेहद प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
जन्माष्टमी का उत्सव केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहा। BAPS के तत्वावधान में पेरिस में भी इस पर्व को भव्य रूप से मनाया गया। कला और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध पेरिस में 6 सितंबर को फ्रांस के पहले पारंपरिक हिंदू मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होना है।
इसी दौरान ‘Le Festival de la Culture’ के तहत प्रसिद्ध सीन नदी पर भक्ति से जुड़ी नाव यात्रा आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में साधु और श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन के बीच भगवान की आराधना की गई, जबकि महिलाओं ने कलश यात्रा के जरिए अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
