अचानक तेज बारिश ने चौंकाया, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
चंडीगढ़ में शनिवार को अचानक हुई तेज बारिश ने शहरवासियों को हैरान कर दिया। कुछ ही मिनटों में बारिश इतनी तेज हो गई कि घर से निकले कई लोग रास्ते में फंस गए और उन्हें बारिश से बचने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। तेज बारिश ने उमस और गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एक कर्मचारी पुनीत ने बताया कि उन्हें बारिश की उम्मीद नहीं थी, इसलिए वे बिना छाते निकले थे। बारिश अचानक इतनी तेज हो गई कि वे कुछ कदम भी आगे नहीं बढ़ सके और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रुकना पड़ा।शहर में दो दिन पहले भी तेज बारिश हुई थी, जिसके चलते कई हिस्सों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। शनिवार की बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था को चुनौती दी। अचानक हुई बारिश के बाद चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से धीमी और सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस ने राहगीरों और अन्य वाहनों पर पानी के छींटे पड़ने से बचाने के लिए भी वाहन सावधानी से चलाने को कहा है। पुलिस के अनुसार, सड़क पर जमा पानी से वाहनों के छींटे विंडस्क्रीन पर पड़ने से दृश्यता कम हो सकती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
