स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर नगराधीश शुभम ने बुधवार सायं राजीव गांधी खेल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल पर चल रही विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों से तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट ली और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। समारोह में परेड, पीटी शो, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। मंच, अतिथियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की बैठक व्यवस्था, दर्शकों के लिए सुविधाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा और पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसके दौरान सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय समारोह में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
