August 6, 2026

जवाहर पार्क सुंदरनगर में धूमधाम से मनाया जाएगा उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह

स्वतंत्रता सेनानियों, समाजसेवियों एवं उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली विभूतियों को किया जाएगा सम्मानित

नशा मुक्त एवं स्वच्छ-प्रदूषण मुक्त सुंदरनगर अभियान का होगा शुभारंभ

उपमंडल सुंदरनगर का स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को प्रातः 11 बजे जवाहर पार्क में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सुंदरनगर अमर नेगी राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ मार्च पास्ट की सलामी लेंगे तथा उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस का संदेश देंगे।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अमर नेगी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपीं और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समारोह में पुलिस, पूर्व सैनिक, एनसीसी, एनएसएस तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
एसडीएम ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त सुंदरनगर के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ भी किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण की रोकथाम तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने समारोह स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
साथ ही बताया कि समारोह के दौरान उपमंडल के स्वतंत्रता सेनानियों, समाजसेवियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार अंकित शर्मा, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *