August 5, 2026

Meta CEO मार्क जुकरबर्ग ने भारत सरकार से मांगी माफी, CSAM और डीपफेक कंटेंट को लेकर मानी गलती

नई दिल्ली  फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) और डीपफेक जैसे खतरनाक कंटेंट दिखाए जाने को लेकर भारत सरकार से आधिकारिक तौर पर माफी मांगी है। केंद्र सरकार के साथ चल रहे भारी टकराव और सख्ती के बीच मेटा चीफ का यह माफीनामा सामने आया है। हाल ही में आईटी मंत्रालय और मेटा के शीर्ष अधिकारियों के बीच सोशल मीडिया साइट्स पर धड़ल्ले से चल रहे इस तरह के अवैध और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर एक अहम बैठक हुई थी, जिसके बाद बैकफुट पर आई कंपनी ने अपनी यह बड़ी गलती स्वीकार की है।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक के दौरान सरकार ने मेटा को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि कंपनी खुद को महज एक मध्यस्थ (Intermediary) बताकर जिम्मेदारी से नहीं भाग सकती। सरकार का तर्क है कि मेटा का एल्गोरिदम खुद यह तय करता है कि किस यूजर को कौन सा कंटेंट, कैसे और कब दिखाया जाएगा। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर परोसी जा रही सामग्री के लिए सीधे तौर पर कंपनी जिम्मेदार है। यही वजह है कि आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मिलने वाली ‘सेफ हार्बर’ (Safe Harbor) यानी कानूनी कार्रवाई से बचने की सुविधा अब मेटा पर लागू नहीं होती।

सामने आई जानकारी के अनुसार, मार्क जुकरबर्ग ने अपने माफीनामे में इस गंभीर बात को स्वीकार किया है कि प्लेटफॉर्म पर कुछ खास तरह के आपत्तिजनक कंटेंट को बूस्ट करने (ज्यादा लोगों तक पहुंचाने) के लिए कंपनी को पैसे दिए गए थे। उन्होंने इस बड़ी चूक और प्लेटफॉर्म की नीतियों में हुई इस सेंधमारी पर गहरा खेद जताते हुए अपनी तरफ से माफी मांगी है।

आपको बता दें कि जुकरबर्ग की यह माफी उस बड़ी जांच से जुड़ी है, जिसमें यह सनसनीखेज खुलासा हुआ था कि मेटा के प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों के यौन शोषण (CSAM) से जुड़े विज्ञापन चलाए जा रहे हैं। बीबीसी आई (BBC EYE) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में ऐसे करीब 30 अलग-अलग विज्ञापनों की पहचान की गई थी, जिनमें सीधे तौर पर बाल यौन शोषण को बढ़ावा दिया जा रहा था। इस खुलासे के बाद जब भारतीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, तो केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत मेटा से स्पष्ट जवाब तलब किया था, जिसके बाद यह माफीनामा सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *