एसआईआर को लेकर डीसी अनुपमा अंजली ने ली राजनीतिक दलों की बैठक
सभी दलों को मतदाता सूचियों का प्रिंट सौंपा
31 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावे व आपत्तियां
नारनौल, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अपने कार्यालय में मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की कापियां सौंपीं और अभियान को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग मांगा।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है और अब नागरिक 31 अगस्त तक इस पर अपने दावे व आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुविधा के लिए यह मतदाता सूची पूरी तरह सुलभ रखी गई है। यदि कोई भी नागरिक मतदाता सूची की प्रति प्राप्त करना चाहता है, तो वह संबंधित निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम, बूथ लेवल अधिकारियों या बीडीपीओ कार्यालय में सूची देख सकता है यह पूरी तरह से निशुल्क है। देखने में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लगता।
उन्होंने कहा कि अगर कोई नागरिक व्यक्तिगत तौर पर अपने लिए मतदाता सूची लेना चाहता है तो वह मात्र 2 रुपये प्रति पेज का शुल्क देकर इसकी कॉपी प्राप्त कर सकता है। नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा करवाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक प्राप्त होने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर तक कर दिया जाएगा, जिसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
इस अवसर पर एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह तथा एसडीएम कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह तथा तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
