August 4, 2026

कसारला और छातड़ू में विशेष प्रचार अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कसारला तथा छातड़ू में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त हिमाचल” अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जालपा कला मंच बल्ह के कलाकारों मनोज त्यागी, अनिल चंद, रूपेश, वेद राम, लता, सीता एवं नागेंद्र ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं एवं आमजन से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, विधवा एवं एकल महिलाओं के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पीजीडीसीए एवं डीसीए पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण के साथ प्लेसमेंट स्टाइपेंड का भी प्रावधान है। दिव्यांग लाभार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण भत्ते की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कसारला की प्रधान आशा कुमारी, ग्राम पंचायत छातड़ू के प्रधान बलराज चौधरी, पंचायत सचिव तारा देवी, समस्त वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *