August 2, 2026

राजस्व मंत्री ने ज्ञाबुंग में आयुष विभाग के चिकित्सा शिविर में की शिरकत

वन अधिकार अधिनियम 2006 को बताया केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन

रिकांगपिओ ,राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां पूह उपमंडल की रोपा वैली की ग्राम पंचायत ज्ञाबुंग में आयुष विभाग के एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के लोगों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा रोपा वैली में कृषि सिंचाई एवं घर द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध हो सके।

बागवानी मंत्री ने स्थानीय लोगों को आह्वान किया कि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में आधुनिक बागवानी तकनीकों व गुणवत्ता पूर्ण किस्मों पर ध्यान केंद्रित करें ताकि बाजार में उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके।

जगत सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूर्व भाजपा सरकार की वित्तीय देनदारियों को चुकाने में सफल हुए हैं और राज्य के वित्तीय अनुशासन और 2023 में आपदा प्रबंधन की सराहना विश्व बैंक एवं नीति आयोग ने भी की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार, प्रदेश के संसाधनों का उचित प्रयोग कर रही है और केंद्र के समक्ष प्रदेश के हितों की सशक्त पैरवी करते हुए जल विद्युत परियोजनाओं में अधिक रॉयल्टी प्राप्त कर रही है जिससे हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है।

जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम 2006 तत्कालीन केंद्र में कांग्रेस सरकार की देन है जिससे जनजातीय समुदाय को ज़मीन का मालिकाना हक प्राप्त हुआ है तथा जनजातीय जिला किन्नौर में वर्तमान प्रदेश सरकार ने भूमिहीन एवं वंचित वर्गों को 800 भू पट्टे प्रदान किए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि वे ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी निभाएं एवं 16 वें वित्त आयोग द्वारा संशोधित निर्देशों की जानकारी प्राप्त करें ताकि उनके क्षेत्र में समान विकास सुनिश्चित हो सके।

जगत सिंह नेगी ने चिकित्सा शिविर में औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा स्थानीय लोगों को औषधीय पौधे वितरित किए ताकि वे इसके माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। जिला आयुष अधिकारी डॉ प्रवीण शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें आयुष विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों से अवगत करवाया। श्री जगत सिंह नेगी ने चिकित्सा शिविर में औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा स्थानीय लोगों को औषधीय पौधे वितरित किए ताकि वे इसके माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ ईश्वर दत शर्मा, डॉ संचिता लांबा, डॉ संगीता नेगी, आतमा परियोजना के डॉ सुरेंद्र ठाकुर व पशुपालन विभाग के डॉ राकेश कुमार ने अपने संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र सिंह ठाकुर, पुलिस उप अधीक्षक उमेश्वर राणा, खंड विकास अधिकारी पूह इंदर सिंह नेगी, एपीएमसी शिमला- किन्नौर निदेशक प्रेम नेगी, अधिवक्ता एवं महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी निर्मल चंद्र नेगी, स्थानीय प्रधान ओ पी नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *