July 31, 2026

जनजागरूकता कार्यक्रमों में लोकगीतों व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से दी जनकल्याणकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी

जोगिंदर नगर, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से संचालित विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शिव गौरी कला मंच के कलाकारों ने ग्राम पंचायत जिमजिमा के गांव आरठी तथा ग्राम पंचायत पस्सल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। लोकगीतों, नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
कलाकारों ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए अधिनियम में प्रभावी कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने अत्याचार की स्थिति में उपलब्ध कानूनी संरक्षण तथा न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, प्रशिक्षण एवं दक्षता विकास योजना सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान के तहत चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
इस दौरान दोनों पंचायतों के प्रधान व अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *