आमजन की समस्याओं का निवारण करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता:डॉ अरविंद कुमार शर्मा
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का निवारण करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी दिन-रात जन शिकायतें सुनते हैं और उनका समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीवेंस कमेटी की बैठक से लोगों की अपेक्षाएं अधिक होती है। इसलिए अधिकारी अधिक गंभीरता से ग्रीवेंस कमेटी में आई शिकायतों का त्वरित समाधान करें। इसके अतिरिक्त कमेटी के समक्ष ऐसी शिकायतें रखी जाएं, जिनका पहले से उपलब्ध व्यवस्थाओं से समाधान नहीं हुआ है। इसके लिए बैठक में रखी जाने वाली शिकायतों के संबंध में ग्रीवेंस कमेटी सदस्यों की राय को भी शामिल किया जाए। स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में वीरवार को आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक के दौरान उन्होंने यह बात की। सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने 15 में से 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शेष शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखते हुए उन्होंने समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बैठक में रखी गई शिकायतों के अलावा अगली बार अपने विभाग से संबंधित सभी लंबित कार्यों की सूची भी अपने साथ लेकर आएं।
