July 31, 2026

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों विकास कार्य : विवेक शर्मा*

विधायक ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की

निर्देश…31 मार्च तक मनरेगा के सभी लंबित कार्य पूरे करें

,रजनीऊना, विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड ऊना की पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। वे गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) ऊना के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों, मनरेगा, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्यों तथा अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, पार्क, श्मशान घाट तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संपर्क मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाई गई है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिली है। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत लंबित सभी कार्यों को 31 मार्च, 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत ग्रामीण रास्तों का निर्माण, वर्षा जल संरक्षण, भूमि सुधार, जल निकासी व्यवस्था तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
विवेक शर्मा ने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का साझा दायित्व है। उन्होंने विधायक निधि के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुख-आश्रय योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को मकान उपलब्ध करवाने तथा गरीब परिवारों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने आपदा प्रबंधन के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को मकान, आर्थिक सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को पूरा करने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। खंड विकास अधिकारी राहुल धीमान ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से पंचायतवार विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर कुटलैहड़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विवेक मिंका, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, संबंधित पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *