बरसात के बाद पक्की करवाई जाएगी डूग्घा के गांव बसंदेहड़ा (लाहड़) की सड़क : सुनील शर्मा बिट्टू
हमीरपुर । राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने हमीरपुर के निकटवर्ती क्षेत्र डूग्घा के गांव बसंदेहड़ा (लाहड़) का दौरा करके स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गांववासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष सड़क, पेयजल, हैंडपंप सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एवं मांगें रखीं।
इन समस्याओं के निवारण के लिए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बरसात के बाद गांव की सड़क को पक्का करने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। गांव के हैंडपंप के पानी की टेस्टिंग करवाई जाएगी और पानी के सैंपल की रिपोर्ट सही आने पर इस हैंडपंप को विद्युत मोटर से जोड़ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी के मद्देनजर वह लगातार हमीरपुर के ग्रामीण क्षेत्रांे का दौरा करके आम लोगों की समस्याओं को समझने और इनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करवाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए यह गौरव का विषय है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस जिला से संबंध रखते हैं और उन्होंने हमीरपुर के लिए कई बड़ी परियोजनाएं मंजूर की हैं। इससे जिला हमीरपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने गांववासियों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत करवाया।
इससे पहले, गांववासियों मोनू, दीना नाथ, अमर सिंह, पवन वर्मा, विजय कुमार, पिंकी देवी, बबीता देवी और अन्य लोगों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा अपनी समस्याएं एवं मांगें उनके समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में कांग्रेस की अनुसूचित जाति सैल के जिला अध्यक्ष होशियार सिंह, एडवोकेट केसी भाटिया, नीरज ठाकुर, सेवानिवृत्त एसडीओ जीसी भाटिया, पूर्व पंचायत प्रधान उत्तम चौधरी, अजय शर्मा, राजेश आनंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
