ज़िला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक संपन्न, विकास कार्यों में समन्वय, पारदर्शिता और जनहित पर दिया विशेष बल
रजनी,ऊना, ज़िला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक सोमवार को ज़िला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ज़िला परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन कुमार लम्बड़दार ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा विकास खंड अधिकारियों (बीडीओ) ने भाग लिया।
बैठक के दौरान ज़िला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार लम्बड़दार ने जनहित एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं एवं योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पहुँच सके। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा जनसहभागिता को भी प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में जिला परिषद के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए पाँच स्थायी समितियों का गठन किया गया। इनमें साधारण स्थायी समिति, वित्त, संप्रेक्षण एवं योजना समिति, सामाजिक न्याय समिति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य समिति तथा कृषि एवं उद्योग समिति शामिल हैं। इन समितियों के माध्यम से विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े विषयों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान ज़िला परिषद के उपाध्यक्ष अविनाश मनन ने जिले में बेसहारा गौवंश के संरक्षण, देखभाल एवं आश्रय व्यवस्था को लेकर विस्तार से अपने सुझाव रखे। उन्होंने इस दिशा में दीर्घकालिक एवं सकारात्मक कदम उठाने की बात रखी। इस विषय पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी इशांत जसवाल ने सभी विकास खंड अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में संचालित गौसदनों का विस्तृत विवरण शीघ्र उपलब्ध करवाएं, ताकि आवश्यकतानुसार समुचित योजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में जिला परिषद के अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं, जनसमस्याओं तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन विषयों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार ने ज़िला परिषद से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक विषयों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने ज़िला परिषद की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ 16वें वित्त आयोग से संबंधित प्रावधानों, योजनाओं तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।
