July 22, 2026

लोक निर्माण मंत्री ने कटासनी में निर्माणाधीन शूटिंग रेंज एवं इंडोर स्टेडियम का किया निरीक्षण

शिमला, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शिमला जिला के कटासनी में निर्माणाधीन अत्याधुनिक शूटिंग रेंज एवं इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित समय सीमा तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त शूटिंग रेंज एवं इंडोर स्टेडियम तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि इसका लाभ शीघ्र ही खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं को मिल सके।

इस अवसर पर प्रशासन के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं निर्माण कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *