नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
नाट्य दलों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
रजनी,ऊना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊना एवं एसवीएसडी कॉलेज भटोली में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व कला मंच जलग्रां टब्बा द्वारा गीत संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया। नाट्य दलों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया। कलाकारों ने अपनी प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित तथा तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेन्द्र कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और उनका नशामुक्त रहना परिवार, समाज एवं देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
