हरियाणा के विकास को मिली नई गति, देश को मिली पहली हाइड्रोजन ट्रेन
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से देश की प्रथम हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा हरियाणावासियों को ₹14,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस ऐतिहासिक अवसर का सीधा प्रसारण रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर ऑडिटोरियम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जिला स्तरीय कार्यक्रम में देखा गया।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ केवल तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि विकसित भारत, हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति राज्य महिला आयोग की प्रतिबद्धता दोहराते हुए महिलाओं से निर्भीक होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने समाज से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि “सशक्त महिला ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।”
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थी कमलेश पत्नी अशोक कुमार एवं कमलेश पत्नी सुरेश (गांव काहनौर) को गृह प्रवेश हेतु घरों की चाबियां भी भेंट की गईं।
कार्यक्रम में पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, प्रदेश सचिव रेणु डाबला, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
