धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन में सभी समाजों के सहयोग की अपेक्षा : उपायुक्त अखिल पिलानी
- समन्वय समिति ने बृजमंडल जलाभिषेक एवं कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन में सहयोग का दिलाया भरोसा
- आगामी धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
नूंह, -उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि मेवात क्षेत्र की 36 बिरादरियों के बीच भाईचारे और आपसी सौहार्द की परंपरा सदियों पुरानी है। जिले में सभी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का संचालन सभी समुदायों के सहयोग और सहभागिता से होता आया है। आगामी 3 अगस्त को सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर आयोजित होने वाली बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा तथा इसके उपरांत होने वाली कांवड़ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन सभी समाजों एवं बिरादरियों के सहयोग की अपेक्षा करता है।
उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आगामी धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की संयुक्त अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा समन्वय समिति के सदस्यों ने भाग लिया। उपायुक्त ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 3 अगस्त को बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा नल्हड़ेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर झिरकेश्वर मंदिर होते हुए गांव सिंगार स्थित सिंगेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन मंदिर समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि नूंह जिला सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और आपसी विश्वास का प्रतीक रहा है। यहां सभी समुदाय एक-दूसरे के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं। उन्हें विश्वास है कि इस वर्ष भी बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी तथा सभी नागरिक इसके शांतिपूर्ण आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि जलाभिषेक यात्रा के कुछ दिनों बाद कांवड़ यात्रा भी प्रारंभ होगी। हरिद्वार से राजस्थान जाने वाले बड़ी संख्या में कांवड़िये नूंह जिले से होकर गुजरते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कांवड़ यात्रियों का सहयोग करें तथा धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द की परंपरा को और अधिक मजबूत बनाएं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर पुलिस गश्त तथा अन्य सुरक्षा उपायों के माध्यम से कानून व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे साझा न करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट अथवा शेयर करने से बचें। धार्मिक आयोजनों के दौरान भाषणों एवं सार्वजनिक वक्तव्यों में मर्यादित भाषा का प्रयोग करें तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी से परहेज करें। यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में समाजसेवी भानीराम मंगला, सरदार जी.एस. मलिक, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद, हबीबुर्रहमान, ताहिर हुसैन, तैयब हुसैन घासेड़िया सहित समन्वय समिति के अन्य सदस्यों ने बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा एवं कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिले में निकलने वाली बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा का सभी धर्मों एवं समाजों के लोग स्वागत करेंगे। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुस्लिम समाज के लोग विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ-साथ पेयजल, जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करेंगे। बैठक में जिला परिषद के चेयरमैन जान मोहम्मद, नगर परिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा, एजाज खान, नासिर हुसैन, अर्जुन देव चावला, दिनेश नागपाल, जाहिद बाई, मौलाना शेर मोहम्मद सहित समन्वय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
