जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 87.23 प्रतिशत गणना प्रपत्र हुए डिजिटाइज
- तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किया जा रहा है सत्यापन संबंधी कार्य
नूंह, – जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में लगातार प्रगति हो रही है। जिले में आज तक 5 लाख 75 हजार 434 जोकि 87.23 प्रतिशत है, गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
पिलानी ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित एवं सत्यापित करने का कार्य किया जा रहा है। अब तक 6,58,748 यानी 99.86 प्रतिशत गणना प्रपत्र मतदाताओं तक वितरित किए जा चुके हैं तथा 5 लाख 75 हजार 412 यानी 87.22 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का बीएलओ द्वारा सत्यापन भी पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति के अनुसार नूंह विधानसभा क्षेत्र में 2,09,569 मतदाताओं में से 1,81,284 यानी 86.50 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए गए हैं। फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में 2,44,719 मतदाताओं में से 2,18,268 यानी 89.19 प्रतिशत तथा पुनहाना विधानसभा क्षेत्र में 2,05,409 मतदाताओं में से 1,75,882 यानी 85.63 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि यदि उन्होंने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है तो शीघ्र ही संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रपत्र उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
