February 25, 2026

अचानक बंगाणा अस्पताल में निरीक्षण के लिए पहुंच गए विधायक भुट्टो

निरीक्षण करने के बाद अस्पताल इंचार्ज को आदेश, बंगाणा अस्पताल में जनता को बेहतर मिले स्वास्थ्य सुविधाएं

अजय कुमार बंगाणा, कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने शनिवार को अचानक बंगाणा के सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में मरीजों के साथ मिलकर व्यवस्थाओं की जांच की। शनिवार को 10 बजे विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो जैसे ही सिविल अस्पताल बंगाणा पहुंचे वैसे ही स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया व सभी कर्मचारी अपने ड्यूटी कमरे में भागने लगे। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो पहले मरीजों के वार्ड में गए व मरीजों का कुशल क्षेम पूछा। उसके बाद हर कमरे में जाकर व्यवस्था की जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर उपस्थित स्टाफ को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के कड़े निर्देश दिए और स्टाफ से बंगाणा अस्पताल की कमियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। बंगाणा अस्पताल में मीडिया से बात करते हुए देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि सिविल अस्पताल बंगाणा के साथ करीब 30 पंचायतों के हजारों परिवार जुड़े हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। भुट्टो ने कहा कि बंगाणा अस्पताल को पूर्व सरकार के समय सीएससी से सिविल अस्पताल का दर्जा तो मिल गया है लेकिन न तो अस्पताल में स्टाफ तैनात हुआ और न ही अस्पताल की तर्ज पर इसे विकसित किया गया। भुट्टो ने कहा कि बंगाणा अस्पताल को मॉडल अस्पताल बनाने की चर्चा उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से की है व बहुत जल्द मुख्यमंत्री कुटलैहड़ प्रवास पर आ रहे हैं, उस समय वे बंगाणा अस्पताल को मॉडल अस्पताल बनाने की घोषणा ही नहीं करवाएंगे बल्कि पूरा स्टाफ मुहैया करवाकर जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करवाएंगे। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि बहुत जल्द बंगाणा अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने जा रही है। भुट्टो ने बंगाणा अस्पताल इंचार्ज से कहा कि अगर बंगाणा अस्पताल में कोई कमी है तो उनके ध्यान में लाई जाए लेकिन जनता को पूरी ईमानदारी से स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। सभी स्वास्थ्य कर्मचारी ईमानदारी से काम करें व इस संबंध में जनता की किसी प्रकार की शिकायत उन तक न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *