महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध : मीना परमार
हरियाणा महिला आयोग की वाइस चेयरमैन ने नारनौल में जेल, अस्पताल, महिला थाने और वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
नारनौल, हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरमैन मीना परमार ने मंगलवार को नारनौल क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आयोग प्रदेश की महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके दरवाजे पीड़ितों के लिए चौबीसों घंटे खुले हैं।
सबसे पहले उन्होंने जिला जेल का निरीक्षण कर महिला बंदियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद वह नागरिक अस्पताल पहुंचीं, जहां महिला वार्डों में जाकर मरीजों का हाल-चाल जाना और सरकार द्वारा दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए महिलाओं से सीधा संवाद किया।
इसके बाद वाइस चेयरमैन ने लघु सचिवालय के पुराने भवन में भूतल पर स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया और वहां संकटग्रस्त महिलाओं को दी जा रही विभिन्न आश्रय व परामर्श सुविधाओं का जायजा लिया। अंत में इसके बाद उन्होंने महिला पुलिस थाने का निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा प्रबंधों और शिकायतों के निवारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हिदायत दी कि आयोग के समक्ष आने वाली हर महिला की समस्या का पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वाइस चेयरमैन ने महिला सुरक्षा और कल्याण से जुड़े अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला थानों और वन स्टॉप सेंटर जैसे संवेदनशील स्थानों पर आने वाली पीड़ित महिलाओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर जेल अधीक्षक संजय बांगड़, सीएमओ डॉक्टर अशोक कुमार, महिला थाना एसएचओ मंजूशा, संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता शर्मा तथा वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंदना यादव के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
