July 5, 2026

तरनतारन में पत्नी को मनाने ससुराल पहुचे जीजा पर साले ने पेट्रोल डाल जिंदा जलाया

तरनतारन, पंजाब के तरनतारन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी को मनाकर घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचे एक युवक पर उसके साले ने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के लिए दौड़ी उसकी साली भी गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 13 जून को तरनतारन जिले के संघा गांव का है। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद उसकी पत्नी संदीप कौर मायके चली गई थी। रिश्ते में आई खटास को खत्म करने और पत्नी को वापस घर लाने के लिए लवप्रीत ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि पत्नी के भाई साजन सिंह ने गुस्से में लवप्रीत पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क दिया और आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि लवप्रीत को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने और लवप्रीत को बचाने के लिए उसकी साली गुरजीत दौड़ी, लेकिन वह भी आग की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

वारदात के दौरान आरोपी साजन सिंह भी आग से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ सदर थाना तरनतारन में हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक स्कूटी के पास खड़ा दिखाई देता है। तभी दूसरा व्यक्ति उसके ऊपर किसी ज्वलनशील पदार्थ जैसा तरल डालता है। इसी दौरान एक महिला उसे रोकने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी आग लगा देता है। आग की लपटों से घिरा युवक जान बचाने के लिए भागता है और पास की नाली में कूदकर आग बुझाने का प्रयास करता है, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह जमीन पर गिर पड़ता है। बाद में उसे और झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *